ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध की वजह से भारत समेत दुनिया के कई देशों में ईंधन की सप्लाई प्रभावित हुई है. हालांकि, भारत में ईंधन की सीमित सप्लाई हो रही है. बावजूद इसके उत्तराखंड की जनता में पैनिक की स्थिति अभी भी बनी हुई है. जिसका कई लोग फायदा भी उठाने की कोशिश कर रहे हैं. जिसके तहत वो गैस सिलेंडर के भंडारण के साथ ही कालाबाजारी कर रहे हैं.
वहीं, गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण और कालाबाजारी को देखते हुए उत्तराखंड खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग सख्ती भी दिखा रहा है. जिसके तहत विभाग की ओर से प्रदेश भर में कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई के तहत अभी तक 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ ही 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
एलपीजी एवं ईंधन जनता की अहम मूलभूत सुविधा में से एक है. वर्तमान स्थिति ये है कि खासकर शहरी क्षेत्र में बिना एलपीजी के भोजन पकाना लोगों के लिए एक बड़ी चुनौती है. जबकि, कुकिंग की वैकल्पिक व्यवस्था भी बाजारों में उपलब्ध है. बावजूद इसके एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में एक पैनिक जैसा माहौल बना हुआ है.
लिहाजा, गैस कनेक्शन धारक भविष्य की चिताओं को देखते हुए अभी से ही पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर रिजर्व करना चाहते हैं तो वहीं, तमाम लोग ऐसे भी हैं, जो इस सिचुएशन को अवसर के रूप में देख रहे हैं. जो सिलेंडर का भंडारण करने के साथ ही इसकी कालाबाजारी भी कर रहे हैं. ऐसा हम नहीं बल्कि प्रवर्तन कार्रवाई के आंकड़े बयां कर रहे हैं.
उत्तराखंड में प्रवर्तन कार्रवाई की स्थिति-
- उत्तरकाशी जिले में 87 निरीक्षण किए गए हैं. जिसके तहत 37 सिलेंडर जब्त और 44 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है.
- पौड़ी जिले में 564 निरीक्षण किए गए हैं. जिसके तहत एक एफआईआर दर्ज, 39 सिलेंडर जब्त और 11,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया है.
- चमोली जिले में 68 निरीक्षण किए गए हैं.
- देहरादून जिले में 259 निरीक्षण किए गए हैं. जिसके तहत 4 एफआईआर दर्ज, 3 लोगों की गिरफ्तारी और 180 सिलेंडर जब्त किया जा चुका है.
- रुद्रप्रयाग जिले में 203 निरीक्षण किए गए हैं. जिसके तहत दौरान 48 सिलेंडर जब्त किया गया है.
- टिहरी जिले में 178 निरीक्षण किए गए हैं. जिसके तहत 14 सिलेंडर जब्त किया गया है.
- हरिद्वार जिले में 111 निरीक्षण और 31 छापे मारे गए हैं. जिसके तहत 21 सिलेंडर जब्त किया गया है.
- नैनीताल जिले में 78 निरीक्षण और 40 छापे मारे गए. जिसके तहत 3 एफआईआर दर्ज, 33 सिलेंडर जब्त किया गया है.
- अल्मोड़ा जिले में 74 निरीक्षण किए गए हैं. जिसके तहत 16 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है.
- बागेश्वर जिले में 136 निरीक्षण किए गए हैं. जिसके तहत 1 सिलेंडर जब्त किया गया है.
- उधम सिंह नगर जिले में 93 निरीक्षण और 1 छापा मारा गया है. जिसके तहत 1 एफआईआर दर्ज, एक व्यक्ति को गिरफ्तार और 33 सिलेंडर, एक कांटा एवं 2 रिफिलिंग किट जब्त किया गया है.
- पिथौरागढ़ जिले में 77 निरीक्षण किए गए है. जिसके तहत 10 सिलेंडर जब्त किया गया है.
- चंपावत जिले में 125 निरीक्षण किए गए हैं. जिसके तहत 10 सिलेंडर जब्त किया गया है.