ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाइयां बेचने वाले गिरोह के एक और सदस्य को उत्तराखंड एसटीएफ ने गिरफ्तार किया. एसटीएफ ने मेडिकल स्टोर के स्वामी को जिरकपुर, पंजाब से गिरफ्तार किया है. एसटीएफ नकली दवाइयां बनाकर बेचने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड समेत अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
मामले के मुताबिक, 1 जून को प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नकली रैपर, नकली आउटर बॉक्स, लेबल और क्यूआर कोड भारी मात्रा में बरामद किए थे. साथ ही एक व्यक्ति संतोष कुमार को गिरफ्तार किया था. इस मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए एसटीएफ ने 3 अन्य आरोपी नवीन बंसल, आदित्य काला और देवी दयाल गुप्ता को गिरफ्तार कर चुकी थी.
मामले में गिरफ्तार आरोपी नवीन बंसल ने बताया था कि वह ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाइयों को तैयार कर उनको बाजार में बेचने के लिए पंचकुला हरियाणा में स्थित नोबल फार्मेसी/लाइफ साइंस मालिक पंकज शर्मा नाम के मेडिकल स्टोर पर भेजता है. जिसके बाद एसटीएफ टीम ने पंचकुला हरियाणा में स्थित नोबल फार्मेसी/लाइफ साइंस के मालिक पंकज शर्मा निवासी पंचकुला हरियाणा हाल निवासी न्यू जनरेशन अपार्टमेंट जीरकपुर पंजाब को गिरफ्तार किया.
देहरादून पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री मामले में फरार 10 हजार रुपए की इनामी महिला आरोपी को यमुनानगर, हरियाणा से गिरफ्तार किया. महिला आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किसी अन्य की भूमि की गिफ्ट डीड अपने नाम करवाई थी. इस मामले में पुलिस पहले ही महिला आरोपी के 3 अन्य साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. आरोपी महिला मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रही थी. देहरादून एसएसपी ने महिला की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया था.
पुलिस को मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने पहले स्वर्ण सिंह, अमित यादव और कमल विरमानी को गिरफ्तार किया था. लेकिन मुकदमे में फरार महिला आरोपी पूनम चौधरी मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही लगातार फरार चल रही थी, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके सभी संभावित ठिकानों पर दबिशें दी थी. लेकिन कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो पाई. पूनम चौधरी के लगातार फरार रहने पर एसएसपी अजय सिंह ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया था.
कोतवाली नगर प्रभारी प्रदीप पंत ने बताया कि कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने महिला आरोपी की तलाश शुरू की. इस बीच महिला पूनम चौधरी को मंगलवार को सेक्टर- 17, यमुनानगर, हरियाणा से गिरफ्तार किया गया. जिसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया.