क्या भारत से भाग गया Abdul Malik? पुलिस की आंखों में खटक रहे ये दो सवाल, जिसका मलिक ही दे सकता है जवाब

बनभूलपुरा उपद्रव के मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक के घर की कुर्की करने पर पुलिस को विदेशी घड़ियां व बेशकीमती घरेलू सामान ही नहीं, बल्कि पांच से सात जिंदा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस का दावा है कि नैनीताल जिले में मलिक व उसके परिवार के किसी भी सदस्य के नाम पर असलहे (हथियार) का लाइसेंस नहीं है।

ऐसे में दो सवाल उठे हैं। पहला- मलिक के पास असलहा क्या दूसरे राज्य का है और दूसरा- मलिक अवैध असलहों का प्रयोग तो नहीं कर रहा? हकीकत क्या है, इसका पता उसकी गिरफ्तारी के बाद ही चलेगा।  अब्दुल मलिक को पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता इसलिए माना है, क्योंकि उसने सरकारी (नजूल) जमीन पर कब्जा किया था।

उपद्रव इसी जमीन को खाली कराने पर हुआ था, जिसमें महिलाओं, बच्चों व पुरुषों को मोहरा बनाया गया। अतिक्रमण हटाने पर जब स्थिति बिगड़ी तो मुस्लिम समुदाय एक हो गया। कानून के रखवालों, नगर निगमकर्मियों व मीडियाकर्मियों पर हमला हुआ। महिला पुलिसकर्मियों तक को उपद्रवियों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। तब किसी ने यह नहीं सोचा था कि अंजाम क्या होगा?

इस मामले में पुलिस 68 लोगों को पकड़ चुकी है, मगर मलिक समेत चार अब भी फरार हैं। इस पर पुलिस ने मलिक व पांच अन्य के घर की कुर्की भी की। कुर्की के दौरान मलिक के घर से पिस्टल के जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस इन कारतूस को अवैध मान रही है। वहीं, दूसरा पहलू ये भी हो सकता है कि असलहे का लाइसेंस दूसरे राज्य का हो और उसे आल इंडिया बनाया गया हो। क्योंकि मलिक का साम्राज्य बरेली, दिल्ली व हरियाणा तक फैला हुआ है।

अब्दुल मलिक भारत में ही!

अब्दुल मलिक के विदेश भागने की आशंका के चलते लुक आउट सर्कुलर जारी हो चुका है। यह निर्णय पुलिस ने एहतियातन लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब्दुल मलिक ने भारत में ही शरण ले रखा है। उसे छुपाने के पीछे सफेदपोश का हाथ हो सकता है। मलिक पर पहले से आपराधिक मामले चल रहे हैं। इस स्थिति में पासपोर्ट रद करने जैसी कार्रवाई होती है। बहरहाल, मलिक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *