उत्तराखंड पुलिस ने Abdul Malik की तलाश में लांघी चार राज्यों की सीमाएं, 1500 से अधिक फुटेज खंगाले

पुलिस ने बनभूलपुरा उपद्रव के मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक व उसके बेटे अब्दुल मोईद की गिरफ्तारी के लिए चार राज्यों की सीमा लांघ दी है। हल्द्वानी से बरेली व दिल्ली से हरियाणा तक दबिश दी जा रही हैं। 1500 से अधिक फुटेज खंगाले जा चुके हैं। मलिक के विदेश भागने की आशंका को देखते हुए पहले ही लुक आउट सर्कुलर जारी हो चुका है।

आरोपितों पर जल्द बड़ा इनाम घोषित घोषित किया जाएगा। आठ फरवरी को बनभूलपुरा उपद्रव के बाद से अब्दुल मलिक व उसका बेटा फरार है। पुलिस ने अब्दुल मलिक को साजिशकर्ता माना है, क्योंकि मलिक ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध मदरसा व अवैध नमाजस्थल बना दिया था।

आठ फरवरी को इसी अवैध निर्माण को तोड़ने पर भीड़ ने विरोध प्रदर्शन कर पुलिस, प्रशासन, नगर निगम व मीडिया कर्मियों पर पथराव और आगजनी की थी। बनभूलपुरा थाना तक फूंक दिया था। पुलिस ने इस उपद्रव का मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक को माना और उसकी तलाश में पुलिस ने हल्द्वानी में संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

बरेली, दिल्ली व हरियाणा तक में तलाश

इसके बाद पुलिस बरेली, दिल्ली व हरियाणा में दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस का प्रयास मलिक को जल्द गिरफ्तार करना है। पुलिस उसे भागने का मौका नहीं देना चाहती है। इसलिए समय रहते लुक आउट सर्कुलर जारी किया। इससे पहले उसके विरुद्ध एनबीडब्ल्यू व कुर्की की कार्रवाई भी की।

उसकी तलाश में सर्लिवांस की मदद भी ली जा रही है। मुंबई तक संपत्ति होने की चर्चा पुलिस सूत्रों के अनुसार मलिक की संपत्ति मुंबई तक होने की चर्चा है। इसमें सत्यता कितनी है। पुलिस इसकी जांच करेगी। साथ ही मलिक की बरेली, दिल्ली व हरियाणा की संपत्ति भी जब्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *