देहरादून के समरवैली स्कूल का मामला गर्माया!, पीड़ित परिवार ने 2 नवंबर से दी धरने की चेतावनी – Kachchichithi

देहरादून के समरवैली स्कूल का मामला गर्माया!, पीड़ित परिवार ने 2 नवंबर से दी धरने की चेतावनी

देहरादून के समरवैली स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस की ओर से स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य और संबंधित शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के बावजूद पीड़ित परिवार संतुष्ट नहीं है। ऐसे में अब छात्रा की मां ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए 2 नवंबर से धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।

मामले की शुरुआत तब हुई, जब छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि स्कूल के भौतिक विज्ञान के शिक्षक करीब डेढ़ महीने से उनकी बेटी के साथ अनुचित व्यवहार कर रहे थे। मां के मुताबिक, 15 अक्टूबर को उन्होंने प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत भी दी थी, जिस पर बेटी समेत 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे। परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर शिकायत के बाद उचित कार्रवाई नहीं करने और छात्रा पर दबाव बनाने के आरोप भी लगाए।

विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य और संबंधित शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वहीं, आरोपी शिक्षक को स्कूल प्रबंधन ने निलंबित कर दिया। अब इस पूरे प्रकरण में पीड़ित छात्रा की मां ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया है।

उनका कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्हें अपनी बेटी की सुरक्षा और उसकी पढ़ाई के भविष्य की चिंता सता रही है। मां ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह 2 नवंबर से धरने पर बैठेंगी। इसके साथ ही उन्होंने छात्र संगठनों से भी सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *