चकराता-सहसपुर-विकासनगर से कई लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ, गणेश गोदियाल ने दिलाई सदस्यता – Kachchichithi

चकराता-सहसपुर-विकासनगर से कई लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ, गणेश गोदियाल ने दिलाई सदस्यता

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे सियासी हलचलें भी बढ़ रही है. विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपना कुनबा बढ़ाने में जुटी है. इसी कड़ी में आज प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत की मौजूदगी में चकराता, सहसपुर, विकास नगर से कई लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं को फूल मालाओं और पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया. साथ ही उन्हें पार्टी के सदस्यता दिलवाते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. इस मौके पर गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक संगठन नहीं है. बल्कि, देश की आजादी, लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करने वाला विशाल जन आंदोलन है.

बता दें कि आज चकराता, सहसपुर, विकासनगर क्षेत्र के कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली है. कांग्रेस में शामिल होने वालों में चकराता विधानसभा से आम आदमी पार्टी से प्रत्याशी रह चुके दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त आईजी पुलिस अनंत राम चौहान, सेवानिवृत्त कैप्टन ताजवार सिंह नेगी, सेवानिवृत्त कैप्टन हीरा बल्लभ पांडे, रिटायर्ड कैप्टन सोबन सिंह, जितेंद्र सिंह शशांक भट्ट आदि प्रमुख लोग शामिल रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *