बेटी पर था शक, पिता ने दोस्त के साथ मिलकर कर दी अपनी ही लाड़ली की हत्या, लाश गंगनहर में फेंकी

हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने बेटी की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में पिता और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है. पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा भी बरामद किया है. आरोप है कि पिता ने अपने साथी के साथ मिलकर बेटी की हत्या की और उसकी लाश को गंगनहर में फेंक दिया. हालांकि अभी तक लाश बरामद नहीं हुई है. पुलिस द्वारा गंगनहर में सर्च अभियान चला कर शव की तलाश की जा रही है.

दरअसल, मंगलौर कोतवाली में 21 अगस्त शुक्रवार को एक महिला ने तहरीर देकर अपने पति और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ अपनी 13 वर्षीय बेटी को घर से ले जाने और वापस नहीं लाने की शिकायत दर्ज कराई थी. महिला द्वारा दोनों से पूछताछ करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था.

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की. वहीं, मामला गंभीर होने पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनाक्रम से जुड़े सुराग जुटाए और 22 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पुलिस के सामने हत्या की कथित पूरी कहानी सामने आई.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपनी बेटी पर किसी से बातचीत करने का शक था. बेटी को समझाने के बावजूद उसकी बात नहीं मानने से नाराज पिता ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची. पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को आरोपी पिता ने अपनी बेटी को दोस्त के साथ बाइक पर बैठाकर माता मंदिर के पास पुल पर ले गया. वहां कमीज (कुर्ता) से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद दोनों ने उसके शव को गंगनहर में फेंक दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए.

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया है. इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली है. फिलहाल पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती किशोरी के शव को बरामद करना है. पुलिस द्वारा गंगनहर में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *